Monday, April 30, 2012

जोधपुरिया में 111 कुंडात्मक महायज्ञ शुरू

अद्वेता आश्रम हरभावता के संत बालकानंद महाराज के सानिध्य में कलशयात्रा निकाली

निवाई. देवधाम जोधपुरिया में आयोजित 111 कुंडात्मक महायज्ञ का 26 अप्रैल को कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। महायज्ञ आयोजन समिति के अध्यक्ष देवकरण पटेल ने बताया कि अद्वेता आश्रम हरभावता के संत बालकानंद महाराज के सानिध्य में गुरूवार को गांव जोधपुरिया स्थित शिव मंदिर में यज्ञाचार्य पं. बजरंगलाल शर्मा झराणा धाम ने प्रधान यजमान सूरजकरण गुर्जर, श्योजीराम गुर्जर, भैरू गुर्जर व अन्य से पवित्र कलशों में भरे जल की विधि विधान से पूजा करवाई। इसके बाद 501 सजी-धजी महिलाओं ने अपने सिर पर कलश धारण किया। कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ रवाना हुई। कलश यात्रा में सबसे आगे संत बालकानंद महाराज व तीन ध्वज धारक चल रहे थे। उनके पीछे युवा भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे। महिलाएं कलश यात्रा में मांगलिक गीत गाते हुए चल रही थी। कलश यात्रा मुख्य बाजार से होकर देवधाम जोधपुरिया पहुंची।

महायज्ञ में उमड़े श्रद्धालु

देवधाम जोधपुरिया में आयोजित हो रहे 111 कुंडात्मक महायज्ञ में दर्शनार्थियों का मेला लगा हुआ है। सुबह से शाम तक श्रद्धालु दर्शनार्थी तेज धूप के बावजूद यज्ञ मण्डप की परिक्रमा कर धर्मलाभ उठा रहे है। यज्ञ स्थल पर प्रतिदिन रात को आयोजित हो रहे विभिन्न मनोरंजन कार्यक्रमों में भी ग्रामीण खूब आ रहे है। यज्ञ समिति के अध्यक्ष देवकरण पटेल ने बताया कि यज्ञाचार्य पं. बजरंगलाल शर्मा के सानिध्य में दर्जनों विद्वान पंडित यज्ञ कार्यक्रम से संबंधित सभी धार्मिक प्रक्रियाएं विधि-विधान से पूर्ण करवा रहे है। यजमानों द्वारा यज्ञ कुंडों में प्रतिदिन हजारों आहुतियां दी जा रही है। भगवान देवनारायण धाम में आयोजित हो रहे महायज्ञ में रविवार को सवाई भोज आश्रम आसींद भीलवाड़ा के महन्त भूदेव महाराज शामिल हुए। महामंत्री सुरज्ञान गुर्जर ने बताया कि यज्ञ की पूणाहुति 4 मई को होगा। गिरिराज छावड़ी, केसरलाल गुर्जर, रामेश्वर पोषवाल, अम्बा लाल, सवाई भोज, नारायण, बद्रीलाल, श्योजीराम, सुरज्ञान वकील, हरिनारायण, श्रवण भोपा, लादू लाल उमरवाल, मनफूल गुर्जर राजाराम एवं देवलाल सहित समाज के लोग व्यवस्थाओं में जुटे है।

जिला पुलिस अधीक्षक ने किए भगवान देवनारायण के दर्शन

 जोधपुरिया में 111 कुंडात्मक महायज्ञ में 27 अप्रैल को यज्ञाचार्य पं. बजरंगलाल शास्त्री के सानिध्य में यजमानों ने हवन कुंड में आहुतियां दी। यज्ञ समिति के महामंत्री सुरज्ञानसिंह खटारा ने बताया यज्ञ के दर्शनों के लिए नवनियुक्त एसपी एस. परिमाला देवधाम पहुंची और यज्ञ भगवान के दर्शन किए। एस.पी. परिमाला ने मंदिर में भगवान देवनारायण के समक्ष मत्था टेका। इस दौरान श्रीदेवनारायण मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों व यज्ञ समिति के पदाधिकारियों ने एसपी का स्वागत किया। इस दौरान ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष केसरलाल गुर्जर, रामेश्वर पोसवाल, अम्बा लाल, नारायण छाबड़ी, बद्रीलाल, देवलाल, श्योजीराम, सुरज्ञान वकील, राजाराम भगत सहित गुर्जर आदि मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment